तेहरान दौरे पर ब्रितानी विदेश मंत्री ने राष्ट्रपति रूहानी से मुलाक़ात की जिसमें दोनों देशों ने राजनैतिक और आर्थिक संबंधों में विस्तार तथा क्षेत्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मामलों के हल में भागीदारी पर बल दिया।
राष्ट्रपति कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राष्ट्रपति रूहानी ने सोमवार को तेहरान में ब्रितानी विदेश मंत्री फ़िलिप हेमंड से मुलाक़ात में कहा कि परमाणु सहमति दोनों देशों के बीच संबंधों में तालमेल के लिए एक प्रकार पृष्ठिभूमि है।
ईरानी राष्ट्रपति ने तेहरान में ब्रितानी और लंदन मे ईरानी दूतावास ख़ुलने की ओर इशारा करते हुए कहा कि मौजूदा हालात में दोनों देशों की सरकार पर बड़ा दायित्व है कि आपसी विश्वास के आधार पर द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर करें। उन्होंने इसी प्रकार आतंकवाद और चरमपंथ से संघर्ष को आज के दौर की महत्वपूर्ण समस्या बताया और कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान दुनिया में बेगुनाह लोगों के जनसंहार के ख़िलाफ़ है और इस प्रक्रिया के रुकने की मांग करता है।
इस अवसर पर ब्रितानी विदेश मंत्री फ़िलिप हेमंड ने ईरान और गुट पांच धन एक के बीच हुयी परमाणु सहमति को द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने की दिशा में अवसर बताया। उन्होंने इसी के साथ बल दिया कि ब्रितानी सरकार परमाणु सहमति के संबंध में अपनी प्रतिबद्धताओं का पालन करेगी। दूसरी ओर ब्रितानी विदेश मंत्री फ़िलिप हेमंड ने ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा की सर्वोच्च परिषद के सचिव अली शमख़ानी से भी मुलाक़ात की।
इस अवसर पर अली शमख़ानी ने ईरान के संबंध में पश्चिम के दृष्टिकोण में बदलाव को ज़रूरी बताया और कहा कि ईरान की शक्ति का आधार जनता का समर्थन और वरिष्ठ धार्मिक नेतृत्व है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र और अंतर्राष्ट्रीय मामलों में ईरान की नीति संतुलित रही है और अगर पश्चिम इस विषय को सही तरह समझ ले तो इससे सहयोग के नए अवसर की प्रक्रिया आसान हो जाएगी।
इस अवसर पर ब्रितानी विदेश मंत्री ने लंदन-तेहरान संबंधों में नया अध्याय जुड़ने पर ख़ुशी ज़ाहिर की। फ़िलिप हेमन्ड ने क्षेत्र की एक शक्ति के रूप में ईरान के स्थान और विभिन्न मामलों ख़ास तौर पर आतंकवाद से संघर्ष में ईरान की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।